शराब पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो, फिर 3 लाख की ब्लैकमेलिंग; सूरजपुर में दो महिलाएं गिरफ्तार

शराब पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो, फिर 3 लाख की ब्लैकमेलिंग; सूरजपुर में दो महिलाएं गिरफ्तार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो महिलाओं पर एक व्यक्ति को झांसे में लेकर उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला भटगांव थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जरही निवासी गणेश मिश्रा का कुछ वर्ष पहले दोनों महिलाओं से परिचय हुआ था। आरोप है कि महिलाओं ने उसे मिलने के बहाने सूरजपुर बुलाया। यहां उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए गए।

इसके बाद आरोपी महिलाएं वीडियो वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग करने लगीं। पीड़ित का आरोप है कि ब्लैकमेलिंग के जरिए उससे करीब 3 लाख रुपये वसूल लिए गए।

लगातार मानसिक दबाव और पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने भटगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।