11 की शाम राजधानी की 42 टंकियों से नहीं मिलेगा पानी : भूमिगत केबल कनेक्शन कार्य के चलते प्रभावित होगी सप्लाई

11 की शाम राजधानी की 42 टंकियों से नहीं मिलेगा पानी : भूमिगत केबल कनेक्शन कार्य के चलते प्रभावित होगी सप्लाई
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी के लोगों को गुरुवार 11 जून की शाम पानी की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नगर निगम के जलकार्य विभाग ने जानकारी दी है कि तकनीकी कार्यों के कारण शहर के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
विभाग के अनुसार बिजली की भूमिगत केबल को मुख्य लाइन से जोडऩे का काम किया जाएगा। इस दौरान 33 केवी विद्युत लाइन बंद रहेगी, जिससे जल शोधन संयंत्रों के संचालन पर असर पड़ेगा। इसके चलते 90 एमएलडी और 150 एमएलडी क्षमता वाले फिल्टर प्लांट पूरी तरह से संचालित नहीं हो सकेंगे। तकनीकी कार्य की वजह से शहर की 42 जल टंकियों से होने वाली पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। इससे राजधानी के कई इलाकों में निर्धारित समय पर पानी नहीं पहुंच पाएगा। जल विभाग ने नागरिकों से पहले से पानी का आवश्यक भंडारण करने की अपील की है।
जलकार्य विभाग ने बताया कि कार्य पूरा होने के बाद 12 जून से जलापूर्ति व्यवस्था को फिर से सामान्य कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। विभाग ने कहा है कि यह कार्य शहर की विद्युत और जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाने के लिए किया जा रहा है। ऐसे में लोगों से सहयोग और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की गई है।