लालपुर ब्रिज चौक से देवपुरी तक सुबह-शाम मालवाहकों की नो एण्ट्री

लालपुर ब्रिज चौक से देवपुरी तक सुबह-शाम मालवाहकों की नो एण्ट्री

रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी में लंबे समय से लालपुर ब्रिज चौक से देवपुरी स्थित फ्रूट मार्केट तक लगने वाले यातायात जाम की समस्या के समाधान की दिशा में ट्रैफिक पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और आम नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए एसीपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर एवं थाना प्रभारी पचपेड़ी नाका की मौजूदगी में देवपुरी फ्रूट मार्केट के पदाधिकारियों और व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में देवपुरी फ्रूट मार्केट के अध्यक्ष सचिन चौधरी, सचिव तथा अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान लालपुर ब्रिज चौक से फ्रूट मार्केट तक प्रतिदिन लगने वाले ट्रैफिक जाम के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के बाद सबसे महत्वपूर्ण निर्णय पीक आवर्स के दौरान मालवाहक वाहनों की आवाजाही को लेकर लिया गया। सर्वसम्मति से तय किया गया कि प्रतिदिन सुबह दस बजे से बारह बजे तक तथा शाम पांच बजे से आठ बजे तक देवपुरी फ्रूट मार्केट में मालवाहक वाहनों का प्रवेश और निकासी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था के लागू होने से लालपुर ब्रिज चौक, देवपुरी, अमलीडीह और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव काफी हद तक कम होगा। रोजाना स्कूल, कॉलेज, कार्यालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने वाले हजारों लोगों को अब पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित आवागमन का लाभ मिलेगा। फ्रूट मार्केट समिति के पदाधिकारियों ने भी ट्रैफिक पुलिस के इस निर्णय का समर्थन करते हुए भरोसा दिलाया कि सभी व्यापारी और मालवाहक वाहन संचालक नए नियमों का पालन करेंगे।