आज से शुरू हुआ नया शैक्षणिक सत्र, स्कूलों में लौटी रौनक
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय और निजी स्कूलों में आज से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई है। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूलों में फिर से विद्यार्थियों की चहल-पहल देखने को मिलेगी और नियमित कक्षाएं संचालित होंगी।
नए सत्र के साथ ही राज्यभर में 16 जून से 27 जून तक शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान अधिक से अधिक बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें और साइकिलों का वितरण भी किया जाएगा।
शाला प्रवेश उत्सव के समापन अवसर पर 30 जून को संभाग स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शिक्षा मंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है।

admin 




