छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, अगले 48 घंटे भारी वर्षा के आसार; कई जिलों में रेड अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, अगले 48 घंटे भारी वर्षा के आसार; कई जिलों में रेड अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले दो-तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। लगातार हो रही वर्षा के चलते लोगों का बिना रेनकोट या छाते के घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल तट पर बने अवदाब का प्रभाव छत्तीसगढ़ पर बना हुआ है। इसके चलते अगले 48 घंटों तक मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। विभाग का अनुमान है कि 8 जुलाई से प्रदेश में बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आएगी।

राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अलग-अलग स्तर की चेतावनी जारी की है। धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।