रायपुर की 3D फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट: 3 मजदूरों की मौत, कई घायल
रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री की 3D फैक्ट्री में मंगलवार को हुए भीषण ब्लास्ट ने तीन मजदूरों की जान ले ली। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार हादसे में लाल सिंह और अरुण पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कमल सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतक लाल सिंह और कमल सिंह मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के निवासी थे, जबकि अरुण पांडे जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला था।
हादसे में कई अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर डीसीपी, एडीसीपी (नॉर्थ) और एसीपी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, ब्लास्ट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें जांच कर रही हैं।
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला,इससे लोगों में आक्रोश दिखा।

admin 




