प्रगति कॉलेज में जैज का शुभारंभ : रंगोली में दिखी सांस्कृतिक विरासत,सड़क सुरक्षा और मोबाइल युग की तस्वीर
इंटर क्लास प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
रायपुर। प्रगति कॉलेज में जैज-2026 का शुभारंभ गुरुवार को इंटर क्लास प्रतियोगिताओं के साथ हुआ। महोत्सव के पहले दिन रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, सांस्कृतिक विरासत और समसामयिक विषयों को अभिव्यक्त किया। किसी रंगोली में सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखी तो किसी में सड़क सुरक्षा, मोबाइल युग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

प्रतियोगिता में पारिस्थितिकी तंत्र, बाल श्रम, मानवता, लोककला, घरेलू हिंसा, स्वास्थ्य सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, मोबाइल युग, सांस्कृतिक विरासत, मतदाता जागरूकता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, राष्ट्रीयता, नैतिक शिक्षा तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर रंगोली बनाई गई। विद्यार्थियों ने थीम के अनुरूप रंगों, आकृतियों और संदेशों का संयोजन कर अपनी रचनात्मकता दिखाई।

चार ग्रुप में होगी प्रतियोगिताएं
जैज-2026 के तहत विभिन्न इंटर क्लास प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों को ए, बी, सी और डी ग्रुप में बांटा गया है। ए ग्रुप में यूजी प्रथम व द्वितीय सेमेस्टर, बी ग्रुप में यूजी तृतीय व चतुर्थ सेमेस्टर, सी ग्रुप में यूजी पंचम व षष्ठम सेमेस्टर तथा डी ग्रुप में बीएड और सभी पीजी कक्षाओं के विद्यार्थी शामिल हैं।

महोत्सव के दौरान रंगोली के अलावा पोस्टर-पेंटिंग, डिबेट, रेसिपी, रैंप वॉक, एक्सटेम्पोर, फेस्टिवल डेकोरेशन, मेहंदी, मॉडल, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, म्यूजिक, डांस, ड्रामा और फैंसी ड्रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी।

फाइन आर्ट शिक्षक ने किया मूल्यांकन
रंगोली प्रतियोगिता के निर्णायक फाइन आर्ट शिक्षक उमेश चोपकर रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रस्तुति और विषय की अभिव्यक्ति का मूल्यांकन किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सौम्या नैयर, एडमिनिस्ट्रेटर ज्योति ठाकुर, वाणिज्य एवं प्रबंधन विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार ठाकुर, कंप्यूटर विभागाध्यक्ष मन्नु रवानी, शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. के.एन. गजपाल और पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार यादव सहित कॉलेज के शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संचालन में प्रतियोगिता प्रभारी सहायक प्राध्यापक डॉ. मनप्रीत कौर गुरदत्ता, भाग्यश्री बेहरा, बुलबुल रस्तोगी और उपासना श्रीवास्तव की भूमिका रही। सहायक स्टाफ छवी कुमार और ऑकार कौर भामरा ने भी सहयोग किया।
admin



