विधानसभा के पुराने भवन में होगी फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई
रायपुर (चैनल इंडिया)। नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईएफटी) का नवा रायपुर में स्थायी कैंपस बनने तक एनआईएफटी रायपुर का संचालन पुराने विधानसभा भवन से किया जा रहा है। नए विधानसभा भवन के नवा रायपुर स्थानांतरित होने के बाद पुराने भवन को फैशन डिजाईनिंग की पढ़ाई के लिए के अस्थायी कैंपस के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है। नए शैक्षणिक सत्र से संस्थान ने यहां पर अपना काम शुरू कर दिया है।
विधानसभा के पुराने भवन को अब नए उपयोग के लिए राज्य सरकार ने पुराने विधानसभा परिसर में नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी की गतिविधियां शुरू करने की दिशा में पहल की है। एनआईएफटी रायपुर का अस्थायी कैंपस पुराने विधानसभा भवन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू किया गया है। जून 2026 से यहां पर काम भी शुरू हो गया है। बताया गया है कि एनआईएफटी ने यहां पर कई मशीनों के साथ काम शुरू कर दिया है। इससे प्रदेश के युवाओं को फैशन डिजाइन, टेक्सटाइल, परिधान प्रौद्योगिकी और संबंधित क्षेत्रों में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण एवं शिक्षा की सुविधा मिलेगी। संस्थान के संचालन से रायपुर शिक्षा एवं कौशल विकास के नए केंद्र के रूप में और मजबूत होगा।
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना की औपचारिक घोषणा और मंजूरी 17 अप्रैल 2025 को हुई थी। कैबिनेट की बैठक में नवा रायपुर में एनआईएफटी कैंपस स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 271.18 करोड़ तय की गई थी। नए विधानसभा भवन में स्थानांतरित होने के बाद एनआईएफटी का अस्थायी संचालन पुराने विधानसभा भवन, जीरो पॉइंट, रायपुर से शुरू किया गया है।

admin 




