हाईकोर्ट में समर वेकेशन खत्म, आज से नियमित सुनवाई शुरू

हाईकोर्ट में समर वेकेशन खत्म, आज से नियमित सुनवाई शुरू
बिलासपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म हो गया है। आज सोमवार से नियमित सुनवाई शुरू हो गई है। हाईकोर्ट प्रशासन ने 15 जून से शुरू हुए सप्ताह की कॉज लिस्ट भी जारी कर दी है।
ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए हाईकोर्ट प्रशासन ने अधिकारियों-कर्मचारियों को वाहन साझा कर कार्यालय आने की सलाह दी है। समर वेकेशन के दौरान लागू वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था खत्म कर दी गई है। अब सभी अधिकारी-कर्मचारी नियमित रूप से कार्यालय पहुंचेंगे। हाईकोर्ट में ग्रीष्मकालीन अवकाश 18 मई से शुरू हुआ था। इस दौरान नियमित सुनवाई बंद थी, लेकिन जरूरी मामलों के लिए विशेष व्यवस्था थी। अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई अवकाशकालीन पीठों में की गई।
नई कॉज लिस्ट के साथ सभी खंडपीठों और एकलपीठों में नियमित सुनवाई शुरू हो गई है। अधिवक्ता अब कोर्ट रूम में पेश होकर पक्ष रख सकेंगे। जरूरत पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा जारी रहेगी। नियमित कामकाज शुरू होने से लंबित मामलों के निपटारे में तेजी की उम्मीद है।