पेट्रोल-डीजल को लेकर पैनिक न हों, छत्तीसगढ़ में पर्याप्त स्टॉक: सीएम विष्णुदेव साय
रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी मची हुई है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनता से पैनिक न होने की अपील की है। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल को लेकर पैनिक की स्थिति देखने को मिल रही है, जिसके चलते कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं और कुछ पंप अस्थायी रूप से बंद भी हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। प्रदेश सरकार एवं ऑयल कंपनियां पूर्ण समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रदेशवासियों से भी आग्रह करता हूं कि संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दें। केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी भ्रामक सूचना से दूर रहें। आपकी सजगता, संयम और सहयोग से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की ईंधन व्यवस्था निरंतर सुचारू बनी रहेगी। आइए हम सभी मिलकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। संयम, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्रहित में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
शहर में अब 24 घंटे दौड़ेंगे पेट्रोल-डीजल के टैंकर
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ऑयल कंपनियों के संचालकों और डीलर्स की बैठक ली। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रखें कि आम जनता को परेशानी न हो, पेट्रोल पंप से उन्हें नियमित रूप से डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति होती रहे। ऑयल कंपनी की डिपो अपने डीलर्स को बिना विलंब के पेट्रोल-डीजल की सप्लाई करें। साथ ही डिपो द्वारा जो अब तक पेट्रोल-डीजल सप्लाई का समय सुबह 7 से दोपहर 3 तक था उसे स्थिति सामान्य होते तक समय बढ़ाया जाए। कलेक्टर ने शहर के अंदर ईंधन के टैंकर को 24 घण्टे आवाजाही करने के भी निर्देश दिए। ताकि किसी भी पेट्रोल पंप में ईंधन की कमी न हो और स्टॉक रहे। साथ ही पेट्रोल पंप अधिकतम समय तक खोला जाए ताकि आम जनता को पेट्रोल-डीजल लेने में सुविधा हों।
कालाबाजारी की शिकायत करें
अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल के पर्याप्त स्टॉक हैं आम जनता पैनिक न हों, और आवशकतानुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीदी करें, पैनिक-बाईंग न करें, अफवाहों पर ध्यान न दें। कालाबाजारी की सूचना मिलने पर कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 एवं 9977222594 पर सूचित करें।
रायपुर में पेट्रोल: 103.58
डीजल: 96.57 रुपए
तीन-तीन रुपए महंगा
पेट्रोल और डीजल तीन-तीन रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। नए दाम आज 15 मई से लागू हो गए हैं। करीब दो साल बाद दामों में ये बढ़ोतरी की गई है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 103.58 रुपए पर लीटर पेट्रोल मिल रहा। डीजल की कीमत 96.57 रुपए हैं।

admin 





