युवक का अपहरण कर मांगी फिरौती, पुलिस ने सरगना समेत दो को दबोचा

युवक का अपहरण कर मांगी फिरौती, पुलिस ने सरगना समेत दो को दबोचा

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने युवक का अपहरण कर उसे जंगल में ले जाकर डराने-धमकाने की कोशिश की और परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती मांग ली। मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, कलमीटार के भेलवापारा निवासी 21 वर्षीय घनश्याम पाटले बुधवार दोपहर अपने घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और काम का बहाना बनाकर उसे घर से बाहर बुलाया। बाहर आते ही आरोपियों ने उसे धमकाते हुए जबरन अपने साथ ले लिया और कोरबा-भांवर क्षेत्र के जंगल की ओर चले गए।

आरोप है कि जंगल में ले जाकर युवक को भयभीत किया गया तथा उसके साथ आपराधिक गतिविधि से जुड़े होने का आभास देने के लिए तस्वीरें खींची गईं। इसके बाद आरोपियों ने उसे परिजनों को फोन कर रकम की व्यवस्था करने के लिए मजबूर किया। युवक के माध्यम से उसके परिवार से 50 हजार रुपये की मांग की गई।

बताया जा रहा है कि फिरौती की रकम लेने के लिए आरोपियों ने परिजनों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाया और लगातार लोकेशन बदलते रहे। इस बीच युवक के रिश्तेदारों को घटना पर संदेह हुआ और उन्होंने रतनपुर पुलिस को सूचना दे दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और सादे कपड़ों में आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस ने रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करते हुए रकम लेने पहुंचे आरोपियों का पीछा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने एक आरोपी और एक नाबालिग को पकड़ लिया।

पुलिस ने मामले में इशांत सारथी नामक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं पकड़े गए नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण, धमकी और फिरौती मांगने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।