बर्थडे पार्टी के दौरान हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी के गांधी नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करने और पुलिस टीम के साथ अभद्रता करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने चार युवकों और तीन युवतियों सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3 बजे गांधी नगर स्थित प्रताप तांडी के मकान की छत पर जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजने और हुल्लड़बाजी की शिकायत मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद कराया। कुछ देर बाद दोबारा तेज आवाज में संगीत बजने की शिकायत मिलने पर पुलिस फिर मौके पर पहुंची।
आरोप है कि इस दौरान मौजूद युवक-युवतियों ने पुलिस की समझाइश का विरोध करते हुए अभद्र व्यवहार किया। पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, झूमा-झटकी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रताप तांडी, हरीश तांडी, दीपक दास, विपुल जोशी, हर्षा महानंद, दिव्या सोनी और उपासना सोनी शामिल हैं।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर देर रात तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर शांति भंग करना, शराब के नशे में उत्पात मचाना तथा पुलिस या अन्य शासकीय कर्मचारियों के कार्य में बाधा पहुंचाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
admin




