हैदराबाद में छत्तीसगढ़ का निवेश धमाका, 9,580 करोड़ का प्रस्ताव, 7800 को रोजगार 

हैदराबाद में छत्तीसगढ़ का निवेश धमाका, 9,580 करोड़ का प्रस्ताव, 7800 को रोजगार 

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की सात प्रमुख कंपनियों ने 9,580 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव दिए हैं, जिनसे 7,800 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा विकसित भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में छत्तीसगढ़ तेजी से उभर रहा है और राज्य में निवेशकों के लिए ‘रेड कारपेट’ बिछा हुआ है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित दक्षिण भारत के कई बड़े उद्योगपति, निवेशक और कारोबारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु के साथ-साथ जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य को आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। राज्य सरकार इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज निवेश के लिए देश के सबसे बेहतर राज्यों में से एक बनकर उभर रहा है। राज्य में उद्योगों के लिए आसान प्रक्रियाएं, सिंगल विंडो व्यवस्था, बेहतर बुनियादी सुविधाएं और उद्योग अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं। उन्होंने निवेशकों को छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापित करने का आमंत्रण दिया। 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सात प्रमुख कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ (ऑफर लेटर) प्रदान किए। इनमें डेटा सेंटर, सीमेंट, सेमीकंडक्टर और जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर, सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण, वस्त्र, फार्मास्यूटिकल और डेयरी प्रसंस्करण क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियां शामिल हैं। कार्यक्रम में सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सैन, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वश कुमार, उद्योग विभाग के संचालक प्रभात मलिक और अन्य अधिकारी भी शामिल रहे।

छत्तीसगढ़ में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर: सीएम
नई दिल्ली और हैदराबाद दौरे से लौटे मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश और विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हैदराबाद में आयोजित नेशनल कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उद्योग समूहों के साथ करीब 9,500 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू (समझौता ज्ञापन) हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल, फार्मा और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों का तेजी से विस्तार होगा। इससे प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से 7,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।