सीएम साय के साथ पूरी सरकार कल बस्तर में,चित्रकोट में होगी बस्तर प्राधिकरण की पहली बैठक
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में भाजपा की नई सरकार के गठन के बाद पहली बार 18 नवम्बर को चित्रकोट में बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इसमें बस्तर संभाग के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अलावा राज्य सरकार के आला अफसर शामिल होंगे।
इससे पहले कांग्रेस शासनकाल में बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठकों में हुए फैसलों को अमलीजामा नहीं पहनाया जा पाया है और न ही शासन-प्रशासन इसके लिए गंभीर दिख रहा है। कांग्रेस सरकार में बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने प्राधिकरण के नियमों में बदलाव करते हुए ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को मजबूत बनाने की योजना को भी प्राधिकरण में शामिल करने की बात कही थी। जरूरत के अनुसार सरकार की अनुमति से प्राधिकरण दस लाख रुपए से अधिक के कामों की भी मंजूरी दे सकता है। ऐसी कई योजनाएं शुरू की गई थीं, जिन्हें अब तक धरातल में आकार नहीं दिया जा सका है।
प्राधिकरण में पेयजल व्यवस्था और जल संरक्षण के तहत लघु व सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं के साथ परम्परागत जलस्त्रोतों के संरक्षण को मंजूरी देने की बात कही गई थी। लेकिन इसके लिए न कोई योजना बनाई गई और न ही इस पर काम शुरू हो पाया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक के लिए तय एजेंडे को सभी सम्बंधितों को भेजा दिया गया है। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी।

admin 




