सुकमा (चैनल इंडिया)। सुकमा जिले में गुरुवार को आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते कई घरों की छतें उड़ गईं। वहीं दुकानों और व्यवसायिक संस्थानों को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है। सामाजिक भवनों की छतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
आंधी- तूफान के दौरान कई जगहों पर बड़े पेड़ सडक़ पर गिर गए, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-30 पर यातायात बाधित हो गया। प्रशासन द्वारा मार्ग बहाल करने और नुकसान का आंकलन करने का कार्य जारी है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब
मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है। बस्तर संभाग के कई जिलों में मौसम विभाग ने मोबाइल पर हाई अलर्ट संदेश भेजा गया है। संदेश के अनुसार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। दंतेवाड़ा और बीजापुर में उड़ीसा सीमावर्ती क्षेत्र से दूर होने के कारण असर कम रहने की संभावना जताई गई है।
नौतपा के बीच बदला मौसम का मिजाज कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
नौतपा के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है। अंबिकापुर, सूरजपुर जैसे क्षेत्रों में बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। रायपुर समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने तेज हवा और बारिश को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। लगभग 24 घंटों के बाद तापमान में गिरावट होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि पिछले 24 घटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। एक-दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चली। आज से पूरे प्रदेश में मेघगर्जन के साथ तेज हवा, वज्रपात और वर्षा होने की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 27 जिलों में बारिश, तेज रफ़्तार से चलने वाली आंधी, आकाशीय बिजली और बादल गरजने का अलर्ट जारी किया है। जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में यलो अलर्ट जारी किया गया है। रायपुरवासियों को गर्मी से आज राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। साथ ही वर्षा, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना जताई है।