बस्तर दौरे पर अरुण साव : पीडब्ल्यूडी और जगदलपुर निगम के अधिकारियों की लगाई क्लास,लापरवाही पर जमकर बरसे

बस्तर दौरे पर अरुण साव : पीडब्ल्यूडी और जगदलपुर निगम के अधिकारियों की लगाई क्लास,लापरवाही पर जमकर बरसे

ड्रेनेज पहले,सड़क बाद में बनाना था,निगम के अधिकारी और ठेकेदार जनता का दर्द समझें : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

जगदलपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार को जगदलपुर में अग्रसेन चौक से पल्ली नाका तक बन रहे 5 किमी फोरलेन सड़क और ड्रेनेज का काम पूरा नहीं होने पर विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। चित्रकोट रोड पर 27 करोड़ की लागत से इसका निर्माण किया जा रहा है।

डिप्टी सीएम साव ने कहा कि, जगदलपुर शहर में बारिश के मौसम में कैसे रोड बनाएंगे। पहले ड्रेनेज बनाना चाहिए था, वह तो बनाया नहीं। अब बारिश में क्या हालात होंगे। कैसे कौन सा काम पहले करना है, यह ध्यान रखना चाहिए। काम करवाओ और गाली खाओ, ये इस सरकार में नहीं चलेगा।

डिप्टी सीएम साव ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कहा कि, ठेकेदार शहर के नागरिक होने के बाद भी लोगों का दर्द मालूम नहीं है। लोगों की आवश्यकताओं को कैसे समझेंगे। अपने तरीके से काम कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री साव ने अधिकारी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि, कुछ काम नहीं हो रहा है। आप लोगों के ट्रेनिंग का क्या मतलब है। शहर की जनता की आवश्यकता क्या है। प्राइम लोकेशन का यह काम है। 2025 से ठेकेदार को चिट्ठी दे रहे हैं। अब इससे कुछ नहीं होने वाला है।

जनता की परेशानी को देखते हुए 5 किमी सड़क के लिए 27 करोड़ रुपए का सेक्शन किया है। पर यहां ना काम की गति है और नहीं कोई प्लानिंग है।

ठेकेदार को नोटिस का कोई असर नहीं

ठेकेदार को नोटिस का कोई असर नहीं होता है। 10 दिन से काम रुका हुआ है। बारिश आयेगी तो कैसे ड्रेनेज का काम होगा। पर्याप्त मानव संसाधन भी नहीं है।