बस्तर की दो नई रेल परियोजनाओं को स्वीकृति

बस्तर की दो नई रेल परियोजनाओं को स्वीकृति
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की लंबित रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान डोंगरगढ़ से कटघोरा तक प्रस्तावित नई रेल लाइन के साथ-साथ बस्तर क्षेत्र की दो नई रेल परियोजनाओं को प्रमुखता से रखा गया। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसे छत्तीसगढ़ के रेल बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय लंबे समय से डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन की मांग लोकसभा में लगातार उठाते रहे हैं। क्षेत्रीय विकास और बेहतर रेल संपर्क को देखते हुए उन्होंने कई बार इस परियोजना को मंजूरी देने की मांग की थी। अब इस रेल लाइन को स्वीकृति मिलने को उनके लगातार प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। 
इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा, बल्कि औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी बढऩे से स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ विकास कार्यों को भी बल मिलेगा।