स्कूल परिसर में कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल, जांच के निर्देश

स्कूल परिसर में कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल, जांच के निर्देश

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के एक स्कूल से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में एक पुरुष शिक्षक और महिला शिक्षिका कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा हो रही है। वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की पुष्टि के लिए जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अशोक सिन्हा को जांच के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए प्राचार्यों की एक टीम गठित की गई है।

जांच टीम वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और संबंधित पक्षों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।