छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। रायपुर में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। इस दौरान पेंड्रा रोड में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य के करीब रही है और इसमें करीब 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

रायपुर में सुबह से बारिश, सड़कों पर जलभराव

राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ नजर आया। आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। बारिश के कारण कुछ सड़कों पर पानी जमा हो गया।

मौसम विभाग ने रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ बारिश का सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र 15 अगस्त से और अधिक संगठित हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब यानी डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है।

इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।

कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बलरामपुर में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

रविवार को इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

प्रदेश में रविवार को भैसमा और लवन में 9-9 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ओडगी में 8 सेमी और कोटाडोल में 7 सेमी वर्षा हुई।

बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेमी, जबकि छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

वहीं तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक बारिश का असर बने रहने से प्रदेश के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।