रायपुर में आईपीएल मैच देखना महंगा
- जयपुर- चंडीगढ़ में टिकट 1800, रायपुर में 3150
- 10 और 13 मई को खेले जाएंगे मैच
रायपुर। रायपुर में आईपीएल के दो मैच के लिए टिकट की बिक्री रविवार से शुरू हो गई। शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल के दो बड़े मुकाबले होंगे। 10 मई और 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।
टिकटों की कीमत और बिक्री प्रक्रिया ने शुरुआत से ही विवाद खड़ा कर दिया है। जानकारी के अनुसार जयपुर और चंडीगढ़ में हुए मैचों के टिकट जहां 1800 रुपए से शुरू हुए थे, वहीं रायपुर में होने वाले मुकाबले के लिए न्यूनतम कीमत करीब 3150 प्लस जीएसटी रखी गई है। विराट कोहली, रोहित शर्मा, रजत पाटीदार और हार्दिक पंड्या जैसे खिलाडिय़ों की जबरदस्त फैन फालोइंग को देखते हुए फ्रेंचाइजी ज्यादा रेवेन्यू जुटाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी के चलते कीमतें ऊंची रखे जाने की चर्चा है।
टिकट वितरण प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) की भूमिका भी सीमित नजर आई। सूत्र बताते हैं कि संघ को इस प्रक्रिया से लगभग किनारे कर दिया गया। वहीं प्रबंधन ने भी टिकट व्यवस्था को लेकर असमंजस की स्थिति जताते हुए हाथ खड़े कर दिए। जबकि पूरे स्टेडियम को आरसीबी वालों ने अपने नियंत्रण में ले लिया है।
पांच मिनट में 80 फीसदी सीटें फुल
राजधानी में 10 मई को होने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के महामुकाबले को लेकर फैंस में गजब का उत्साह देखने को मिला। रविवार दोपहर तीन बजे जैसे ही मैच की ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हुई, चंद मिनटों के भीतर ही पहले फेज के सभी टिकट बिक गए। मैनेजमेंट द्वारा इस मैच के लिए लगभग 40 से 42 हजार टिकट बेचे जाने की जानकारी है, जिसके पहले फेज की बिक्री पूरी हो चुकी है। इस फेज में तीन हजार से लेकर आठ हजार रुपये तक के टिकट विक्रय के लिए उपलब्ध कराए गए थे।
दसवीं-बारहवीं के मेरिट छात्रों को दिखाएंगे मैच
छत्तीसगढ़ में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों को अब आईपीेल मैच दिखाया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक मेरिट में आए छात्रों को दस मई को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मैच दिखाया जाएगा। इस दिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला जाएगा। विभाग ने निर्देश दिया है कि संबंधित विद्यार्थियों को एक शिक्षक के साथ दस मई की सुबह दस बजे तक रायपुर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद वहां से सभी छात्रों को मैच देखने के लिए ले जाया जाएगा।

admin 





