फाफाडीह में जुए के फड़ पर पुलिस की बड़ी रेड, 15 जुआरी गिरफ्तार; डेढ़ लाख से ज्यादा नगदी जब्त
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंज थाना पुलिस और सेंट्रल जोन रात्रि गश्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फाफाडीह इलाके में जुए के फड़ पर दबिश देकर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से डेढ़ लाख रुपए से अधिक नगदी, ताश पत्ती, मोबाइल फोन और वाहन जब्त किए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह इलाके के एक मैदान में कुछ लोग रुपए का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना गंज पुलिस ने आसपास की टीमों के साथ मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 15 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 54 हजार 500 रुपए नगद, 52 नग ताश पत्ती, मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों में सतपाल सिंह, गजेन्द्र कुमार साहू, ओमप्रकाश चन्द्रा, परमानंद कुर्रे, नरेन्द्र सागर, दीपक पात्रे, विक्की रोचवानी, संजय कुकरेजा, अभिषेक माणिकपुरी, ओंकार साहू, पवन कस्तूरिया, कमल रन्झेला, सौरभ जैन, मुकेश नारायणी और मोहित धीवानी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

admin 





