जून में बंद होना था कुम्हारी नाका, अब अगले अप्रैल तक चलेगा 

जून में बंद होना था कुम्हारी नाका, अब अगले अप्रैल तक चलेगा 

रायपुर (चैनल इंडिया)। रायपुर से भिलाई को जोडऩे वाला कुम्हारी टोल प्लाजा साल 2006 में डीएस कंट्रक्शन दिल्ली के द्वारा बनाया गया था। इस कंपनी ने रायपुर से लेकर भिलाई तक एनएच की रोड बनाई थी और उसकी रिकवरी के लिए केंद्र सरकार ने उसे 10 लेन का टोल प्लाजा चलाने की अनुमति दी थी। शुरूआती दौर में उसने नेहरू नगर के पास भिलाई और कुम्हारी में दो अलग अलग टोल प्लाजा संचालित किए। लगभग 10 साल चलाने के बाद जब इस कंपनी की टेंडर अवधि समाप्त हुई तो भिलाई का टोल प्लाजा बंद कर दिया, लेकिन कुम्हारी के टोल को नहीं बंद किया गया।

हर दो साल में अलग अलग कारणों से इसके टेंडर अवधि को एनएचएआई के द्वारा बढ़ा दिया जाता है। जानकारी के मुताबिक इस समय एनएचएआई ने इस टोल प्लाजा का टेंडर पुणे की कंपनी जसप्रीत सिंह रघुवीर सिंह को दिया है। इन्हें यह टेंडर 8 अप्रैल 2026 से 8 अप्रैल 2027 तक के लिए मिला है। कंपनी के डीजीएम फूलसिंह राठौर ने बताया कि कुम्हारी टोल प्लाजा को एनएचएआई और एनएच पीडब्ल्यूडी दो अलग-अलग एजेंसी काम देख रही हैं।

टेंडर कंपनी के डीजीएम फूलसिंह राठौर ने बताया कि टेंडर शर्त के मुताबिक उन्हें टोल प्लाजा से हर दिन 18 लाख रुपए की वसूली करके एनएचएआई को देना है। यानि की हर महीने पांच करोड़ 40 रुपए एनएचएआई कुम्हारी टोल प्लाजा से कमाई कर रहा है। उसके अतरिक्त जो भी वसूली होती है उसे ठेका कंपनी अपने पास रखती है। कंपनी का कहना है कि उन्हें हर दिन एक से डेढ़ लाख रुपए का घाटा हो रहा है।

पहले से डबल रेट पर हो रही वसूली
कुम्हारी टोल प्लाजा के ऑपरेशन हेड दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि उनके पहले जिस कंपनी को टोल का टेंडर मिला था, उससे एनएचएआई के द्वारा छोटी गाडिय़ों से 15 रुपए और बड़ी गाडिय़ों से 80 रुपए की वसूली कराई जाती थी। इस टेंडर में यह दर बढ़ा दिया गया है। अब एनएचएआई के निर्देश पर उनके द्वारा छोटी गाडिय़ों से 25 रुपए और बड़ी गाडिय़ों से 185 रुपए की टोल वसूली की जा रही है। भिलाई से रायपुर रोजाना आने जाने वाले लोगों के लिए मंथली पास की सुविधा भी दी गई है। लोग 350 रुपए मंथली देकर पास बनवा सकते हैं, जिससे उन्हें एक महीने तक एक भी टोल नहीं देना होगा।

बायपास कंप्लीट होने के बाद बंद हो सकता है प्लाजा
एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर दिग्विजय सिंह ने बताया कि, दुर्ग रायपुर बाईपास का निर्माण कार्य जारी है। उसके कंप्लीट होने के बाद कुम्हारी टोल को बंद करने का फैसला लिया जा सकता है। रही बात टोल रेट बढ़ाने की तो ये हर साल बढ़ता रहता है। उसी के मुताबिक ही टोल वसूली की जाती है।