राशन दुकानों से मसालों की बिक्री! मंत्री ने दिए जांच के आदेश

राशन दुकानों से मसालों की बिक्री! मंत्री ने दिए जांच के आदेश
रायपुर (चैनल इंडिया)। भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने आज विधानसभा में आरोप लगाया कि प्रदेश की कई राशन दुकानों से जबरदस्ती मसालों की बिक्री कराई जा रही है। सुशांत शुक्ला के इस सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी हैरान रहे गए। सुशांत शुक्ला ने बताया कि कुछ जिलों में स्वसहायता समूहों के दस्तावेजों की कमी को आधार बनाकर उनसे राशन दुकानों से मसालों की बिक्री कराई जा रही है। 
मानसून सत्र के अंतिम दिन आज प्रश्नकाल में राशन व्यवस्था का मुद्दा उठा। विधायक शेषराज हरबंस ने अंत्योदय कार्डधारियों को सात किलो अतिरिक्त चावल देने की मांग की। विधायक नीलकंठ टेकाम ने भी केशकाल क्षेत्र में कई राशन दुकानों को बंद कराए  जाने की तरफ विभागीय मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। 
सबसे महत्वपूर्ण सवाल बेलतरा से भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने उठाया। उ्र्होंने कहा कि कई राशन दुकानों में कथित तौर पर जबरन मसाले बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पास प्रमाण हैं अगर अध्यक्ष अनुमति दें तो वे उन्हें विधानसभा के पटल पर रख देंगे। हालांकि विभागीय मंत्री दयालदास बघेल इससे इनकार करते रहे लेकिन सुशांत शुक्ला लगाता जांच कराने की मांग करते रहे। इस पर अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद मंत्री बघेल ने जांच की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जांच कराने के बाद जो रिपोर्ट आएगी, उसके अनुसार दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।