लव,सेक्स और धोखा : मुख्य आरोपी के बाद माता-पिता और भाई भी गिरफ्तार

लव,सेक्स और धोखा : मुख्य आरोपी के बाद माता-पिता और भाई भी गिरफ्तार

बलरामपुर। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और प्रताड़ना के मामले में बलरामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के माता-पिता और भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी कमिल यादव को 12 जून को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की जांच में परिजनों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता की पहचान वर्ष 2025 में इंस्टाग्राम के जरिए कमिल यादव से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

शादी का भरोसा देकर घर ले गए, फिर शुरू हुई प्रताड़ना

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि दिसंबर 2025 में आरोपी के परिजनों को दोनों के संबंध की जानकारी मिली। इसके बाद आरोपी के पिता, भाई और अन्य परिजन उसके घर पहुंचे और शादी कराने का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गए। पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद ही उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू हो गई। मार्च 2026 से लगातार प्रताड़ित किए जाने के बाद उसे घर से निकाल दिया गया।

इसके बाद पीड़िता ने शंकरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

जांच में सामने आई परिजनों की भूमिका

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के पिता राजकुमार यादव, माता सविता उर्फ सरिता यादव और भाई गनेश्वर यादव की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। पूछताछ और जांच के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में मामले की व्यापक चर्चा है।