अगले वर्ष श्रीराम विजयदशमी उत्सव नए स्वरूप में मनाएंगे : पुरंदर मिश्रा
रायपुर। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी मैदान में दशहरा पर्व के अवसर पर हजारों की संख्या में जनसमुदाय उमड़ा। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि भगवान श्रीराम भव सागर को पार कराने वाले हैं। अयोध्या में 500 साल की प्रतिक्षा के बाद प्रभु रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। आज हम सबके सम्माननीय छत्तीसगढ़ के मुखिया विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में यह आयोजन हो रहा है। दशहरा पर्व पर आज यहां डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में श्रीराम विजयदशमी उत्सव का पालन करने के लिए हम सभी आएं हैं। मैं सभी का अभिनंदन करता हूं स्वागत करता हूं आभार व्यक्त कर रहा हूं।

विधायक मिश्रा ने कहा कि जिस तरह लंका में रावण का वध करके श्रीराम अयोध्या आए थे,यह वही उत्सव है। जिस तरह राम राज्य की कल्पना करने वाले प्रभु श्रीराम थे वैसे ही छत्तीसगढ़ में राम राज्य की कल्पना करने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हमारे बीच उपस्थिति हैं। असत्य को सत्य की ओर ले जाने वाले रामजी का अनुकरण करते हुए स्वयं विष्णु जी यहां उपस्थित है। मैं सभी अतिथियों व खास कर रेलवे के अधिकारी, नगर निगम, प्रशासन,पुलिस प्रशासन को सबसे ज्यादा धन्यवाद करता हूं।
मेरा मुख्यमंत्री साय से आग्रह है कि छत्तीसगढ़ में जितनी दुष्कृति है,नक्सलवाद है उनका विनाश करिए। छत्तीसगढ़ को भी जैसे अयोध्या में राम राज्य की कल्पना हुई थी वैसा बनाएं यही प्रार्थना है। हनुमान जी जिस तरह लंका गए थे, वहां विध्वंस करें वैसे हम भी मुख्यमंत्री साय की सेना है,आप अपने मन के बाण से नक्सलवाद को समाप्त करिए। जब आपका बाण चलेगा तो कोई नहीं बचेगा। आप आगे बढ़े यही निवेदन है आने वाले समय में हम फिर से श्रीराम विजयदशमी उत्सव नए स्वरूप में मनाएंगे ,इसका इंतजार करिए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर भगवान श्रीराम के जयकारे के बीच रिमोट का बटन दबाकर रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाथ के विशालकाय पुतले का दहन किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को विजयादशमी पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी।

रावण वध का कार्यक्रम पारंपरिक ढंग आयोजित हुआ। इस मौके पर भगवान राम और रावण की युद्ध गाथा का मंचन हुआ और अंत में रावण के विशालकाय पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर आतिशबाजी और उत्सव का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने रावण दहन के बाद हर्षाेल्लास के साथ एक-दूसरे को विजयादशमी की बधाई दी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, जयंती भाई पटेल, तोशेन्द्र देव साय, आयोजन समिति के प्रमुख जी.स्वामी, कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, एसएसपी संतोष सिंह, आयोजन समिति प्रमुख के पदाधिकारी सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।

admin 




