राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून को, 3.45 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
रायपुर। जिले में 28 जून 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अभिभावकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिलेभर में कुल 1,381 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। इस अभियान के दौरान 3 लाख 45 हजार 373 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा 28 जून को बूथ तक नहीं पहुंच पाता है, तो 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। इसके लिए विशेष सर्वे और मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि भारत भले ही पोलियो मुक्त देश घोषित किया जा चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए नियमित रूप से पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के सफल संचालन के लिए प्रत्येक बूथ पर प्रशिक्षित टीकाकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही हर पांच बूथों पर एक सुपरवाइजर निगरानी करेगा। जिला स्तर के अधिकारी पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे और व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, मितानिन कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग लिया जा रहा है। वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन सिस्टम, आइस पैक और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि पोलियो मुक्त भारत को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना बेहद जरूरी है।

admin 




