रायपुर के ऑटोमोबाइल शोरूम में भीषण आग, कई घंटे बाद भी नहीं पाया जा सका काबू

रायपुर के ऑटोमोबाइल शोरूम में भीषण आग, कई घंटे बाद भी नहीं पाया जा सका काबू

रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्त एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल की बहुमंजिला इमारत में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने भवन की दूसरी और तीसरी मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह दुकान खुलने के कुछ समय बाद भवन के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआती दौर में कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैल गईं और स्थिति गंभीर हो गई।

जानकारी के अनुसार, शोरूम के भीतर बड़ी मात्रा में वाहन स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री और ज्वलनशील लुब्रिकेंट्स रखे हुए थे। इन्हीं सामानों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए पांच से अधिक फायर ब्रिगेड वाहन लगाए गए हैं और लगातार राहत एवं बचाव कार्य जारी है। दमकलकर्मी आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए भी प्रयास कर रहे हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही किया जा सकेगा।

घटना के चलते एमजी रोड क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।