पीएम मोदी से मिलीं सांसद लक्ष्मी वर्मा,बोलीं- राष्ट्र प्रथम का उनका मंत्र जनसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा

पीएम मोदी से मिलीं सांसद लक्ष्मी वर्मा,बोलीं- राष्ट्र प्रथम का उनका मंत्र जनसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा

रायपुर/नई दिल्ली। सांसद लक्ष्मी वर्मा ने नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर उनसे आत्मीय शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके राजनीतिक आदर्श, प्रेरणा-स्तंभ और राष्ट्र निर्माण के महानायक हैं, जिनका नेतृत्व जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कर्तव्य को केवल दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अटूट संकल्प के रूप में स्थापित किया है। उनका "राष्ट्र प्रथम, राष्ट्रसेवा सर्वोपरि" का जीवन-दर्शन हर जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने बताया कि 5 अगस्त के पावन अवसर पर प्रभु श्रीरामचंद्र के ननिहाल की ओर से प्रधानमंत्री को श्रीराम मंदिर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान बताते हुए उनके ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

लक्ष्मी वर्मा ने अनुच्छेद-370 हटाने के फैसले को भी ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्प को साकार कर जम्मू-कश्मीर को भारत की मुख्यधारा से जोड़ा और राष्ट्रीय एकता को नई मजबूती दी।

सांसद वर्मा ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रहित में उनके निरंतर मार्गदर्शन की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री का स्नेह, आशीर्वाद और नेतृत्व उन्हें जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।