दक्षिण छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट, हफ्तेभर कई हिस्सों में बरसेगा पानी

दक्षिण छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट, हफ्तेभर कई हिस्सों में बरसेगा पानी
अब तक कोटे से 60 प्रतिशत कम पानी गिरा
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में पिछले दस दिनों से थमा मानसून अब पूरी तरह एक्टिव हो गया है। 30 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं आज दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 100 मिमी (10 सेमी) बारिश छोटेडोंगर में रिकॉर्ड की गई। हालांकि अब तक प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य से काफी कम रही है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 60त्न कम बारिश हुई है। 30 जून तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 188 मिमी (7.4 इंच) बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 66.2 मिमी (2.5 इंच) ही दर्ज हुई है।
यानी सामान्य से 121.8 मिमी (4.7 इंच) कम बारिश हुई है। राहत की बात यह है कि मानसून के पूरे प्रदेश में सक्रिय होने के बाद आने वाले दिनों में इस कमी की भरपाई होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक और बिजली गिर सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।