रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित पूरा मंत्रिमंडल 4-5 जुलाई को नवा रायपुर स्थित आईआईएम में आयोजित चिंतन शिविर में शामिल होगा। बताया गया है कि इस शिविर में देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ मंत्रियों के साथ संवाद करेंगे। इनमें प्रशासनिक प्रबंधन, सुशासन, सार्वजनिक नीति, तकनीकी नवाचार, जनसेवा और विकास प्रशासन जैसे विषय शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक शिविर में देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ मंत्रियों के साथ संवाद करेंगे। इनमें प्रशासनिक प्रबंधन, सुशासन, सार्वजनिक नीति, तकनीकी नवाचार, जनसेवा और विकास प्रशासन जैसे विषय शामिल होंगे। चर्चा का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी होगा कि शासन व्यवस्था को किस तरह अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाया जाए। डिजिटल प्रशासन, सेवा वितरण की दक्षता और योजनाओं की निगरानी के आधुनिक तरीकों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
शिविर का फोकस केवल नीतिगत चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा। मंत्रियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, प्रभावी निर्णय लेने, योजनाओं की निगरानी और परिणाम आधारित कार्य संस्कृति से जुड़े पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। जानकारों का मानना है कि राजनीतिक नेतृत्व और प्रशासनिक दक्षता के बीच बेहतर तालमेल से योजनाओं के क्रियान्वयन की गति बढ़ाई जा सकती है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि ये लगातार तीसरा साल है जब आईआईएम में सभी मंत्रियों के लिए इस चिंतन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। ये सभी मंत्रियों के लिए उपयोगी होगा। कार्य संपादन से लेकर विभिन्न विषयों की जानकारी यहां विषय विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। हम सब इससे लाभान्वित होंगे और यह प्रदेश की जनता के लिए भी उपयोगी होगा।