CG Weather: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, आंधी-तूफान से बदला मौसम; IMD का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

CG Weather: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, आंधी-तूफान से बदला मौसम; IMD का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी है। टर्फ और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के असर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। रायपुर में सुबह से काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में मानसून जैसी झमाझम बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

रायपुर में सुबह से बारिश, मौसम हुआ सुहाना

राजधानी रायपुर में सुबह करीब 8 बजे के बाद मौसम अचानक बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम सुहाना होने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।

बलौदा बाजार में आंधी से गिरे पेड़, बिजली व्यवस्था प्रभावित

बलौदा बाजार जिले में देर रात आए तेज आंधी-तूफान का असर सुबह तक देखने को मिला। जिला मुख्यालय समेत कई इलाकों में बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। सुबह दुकान और कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर पालिका की टीम रास्तों से पेड़ हटाने में जुटी रही। वहीं कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो गई।

महासमुंद, धमतरी और रायगढ़ में भी बारिश

महासमुंद जिले में देर रात से आंधी-तूफान शुरू हुआ, जिसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पिथौरा क्षेत्र में सुबह से तेज गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। बारिश के कारण गांवों की गलियां पानी से भर गईं।

रायगढ़ में भी सुबह से बादल छाए रहे और बाद में तेज बारिश शुरू हो गई। धमतरी जिले में अचानक मौसम बदलने के बाद तेज हवा और बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं बिलासपुर में भी सुबह अंधड़ और बारिश के चलते कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था ठप हो गई।

मौसम विभाग का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में तेज आंधी, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना बनी हुई है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रायपुर, महासमुंद, बलौदा बाजार, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, जशपुर और सूरजपुर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।