पेट्रोल-डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा, आज से लागू नई दरें; महंगाई बढ़ने के आसार
रायपुर। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें आज यानी 15 मई से लागू हो गई हैं। पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में करीब 3-3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। कीमत बढ़ने के बाद आम लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।
केंद्र सरकार और तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को इसका मुख्य कारण बताया है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते टकराव के चलते क्रूड ऑयल की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल महंगा हो गया है और भारतीय तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है।
करीब चार साल बाद तेल कंपनियों ने खुदरा कीमतों में इतना बड़ा बदलाव किया है। अलग-अलग राज्यों में टैक्स और वैट के आधार पर नई दरें लागू की गई हैं। राजधानी रायपुर में भी पेट्रोल और डीजल के दाम में सीधे 3 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई है।
नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपए और डीजल 90.67 रुपए प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपए और डीजल 93.14 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपए और डीजल 95.13 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपए और डीजल 95.25 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
ट्रांसपोर्ट से लेकर रोजमर्रा के सामान तक पड़ेगा असर
विशेषज्ञों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने का सीधा असर परिवहन और माल ढुलाई पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्टेशन खर्च बढ़ने से आने वाले दिनों में सब्जियां, दूध, राशन और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
अप्रैल महीने में ही कई जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ चुके हैं। अब ईंधन महंगा होने के बाद आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।
ईंधन बचाने की अपील
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए ईंधन का उपयोग जरूरत और संयम के अनुसार करने की अपील की थी।
वहीं माना जा रहा है कि कीमतों में बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल-डीजल की सप्लाई व्यवस्था में सुधार हो सकता है। छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से ईंधन संकट की स्थिति बनी हुई थी। तेल कंपनियों का कहना है कि नई दरों के लागू होने के बाद सप्लाई धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगी।

admin 





