नौतपा में मौसम ने बदला मिजाज: बारिश और बादलों से मिली राहत, तापमान में आई गिरावट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रायपुर समेत राजनांदगांव और बिलासपुर जैसे प्रमुख शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
शनिवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान पेंड्रा रोड में 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में मध्य पाकिस्तान से लेकर आंतरिक उड़ीसा तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके अलावा पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 1.5 से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिसका प्रभाव प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण प्रदेश में मौसम का रुख बदला हुआ है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिससे अधिकतम तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

admin 




