NEET 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक के आरोपों के बाद NTA का बड़ा फैसला
नई दिल्ली/रायपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित हुई NEET 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी से यह निर्णय लिया गया। अब परीक्षा की नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।
छत्तीसगढ़ में इस परीक्षा के लिए 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रदेशभर से करीब 45 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें रायपुर के लगभग 9,200 छात्र शामिल हैं। अब सभी उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा देनी होगी।
NTA ने स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम के लिए छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। पहले से निर्धारित परीक्षा केंद्रों में भी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। हालांकि, दोबारा परीक्षा के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। साथ ही परीक्षार्थियों की फीस भी वापस की जाएगी।
छपाई से पहले ही लीक हो गए थे सवाल
मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, पेपर छपने से पहले ही सवाल नकल गैंग तक पहुंच गए थे। लीक हुए प्रश्नों में बायोलॉजी के 90 और केमिस्ट्री के 35 सवाल शामिल बताए जा रहे हैं। इस पूरे नेटवर्क के तार जयपुर से जुड़े होने की बात सामने आई है।
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने जयपुर से मनीष नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियां उसे पेपर लीक का मास्टरमाइंड मान रही हैं। उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग ने लीक हुए सवालों के साथ अन्य प्रश्न जोड़कर एक “क्वेश्चन बैंक” तैयार किया था, जिसे परीक्षा देने वाले छात्रों तक पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बायोलॉजी के 90 में से 90 और केमिस्ट्री के 45 में से 35 सवाल हूबहू परीक्षा में पूछे गए।
एजेंसियों ने ऐसे कई छात्रों से पूछताछ की है, जिन्होंने कथित तौर पर यह क्वेश्चन बैंक हासिल किया था। पूछताछ में पैसों के लेनदेन की बात भी सामने आई है। अब जांच एजेंसियां पूरे मामले की मनी ट्रेल खंगालने में जुटी हैं।

admin 





