नकली पुलिस बनकर बुजुर्ग से ठगी, सोने की चेन-अंगूठी लेकर थमाए नकली गहने
कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े नकली पुलिसकर्मी बनकर बुजुर्ग से ठगी का मामला सामने आया है। निहारिका इलाके में बाइक सवार दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक रिटायर्ड BALCO कर्मचारी को धमकाया और सुरक्षा जांच के नाम पर उनकी सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद आरोपियों ने असली गहनों की जगह नकली गहने थमाए और मौके से फरार हो गए।
रेड का डर दिखाकर रोका
पीड़ित की पहचान खरमोरा निवासी समीर चट्टोपाध्याय के रूप में हुई है। वे BALCO से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, वे बाइक से निहारिका क्षेत्र में नारियल पानी पीने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि वे काफी देर से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और इलाके में पुलिस की रेड चल रही है। इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग को धमकाते हुए उनके पास गांजा होने की सूचना मिलने की बात कही।
सुरक्षा जांच के बहाने उतरवाए गहने
आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित से एक कागज पर हस्ताक्षर भी करवाए। इसके बाद सुरक्षा जांच के नाम पर उनके गले से सोने की चेन और हाथ से अंगूठी उतरवा ली।
आरोपियों ने दोनों गहनों को एक पन्नी में रखने का दिखावा किया और कुछ ही देर बाद वही पन्नी पीड़ित को वापस सौंप दी। लेकिन आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने पन्नी बदल दी और उसमें नकली चेन व अंगूठी रखकर पीड़ित को थमा दी।
दोनों आरोपी असली सोने के गहने लेकर बाइक से मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद जब पीड़ित को पन्नी में रखे गहनों के नकली होने का पता चला तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद समीर चट्टोपाध्याय ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, घटना निहारिका इलाके में हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए दोनों आरोपियों के हुलिए, बाइक और उनके आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले से इलाके की रेकी की हो सकती है और मौका देखकर बुजुर्ग को निशाना बनाया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
admin




