रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में 25 साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा देशभर में एक माह का सेवा संकल्प अभियान चला रही है। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में सात अक्टूबर को 25 साल पूरे होने को लेकर इस दिन प्रदेश में हर विधानसभा में विशाल सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लेकर प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, विधायक और सांसद अपने-अपने क्षेत्र के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी दिन हर ब्लॉक में एक बड़ी रंगोली बनाई जाएगी। इसमें केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। राजधानी रायपुर में चार विधानसभाएं होने के कारण यहां पर बड़ा कार्यक्रम होगा।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी कर्मवीर सिंह की मौजूदगी में रविवार को हुई बैठक में इस बारे में विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश भाजपा के महामंत्री यशवंत जैन ने बताया कि इस आयोजन के लिए विधायक भावना बोहरा को प्रदेश का संयोजक बनाया गया है। सेवा ज्योति यात्रा के लिए अभी तय किया गया है कि यह यात्रा हर विधानसभा में निकलेगी। इसके लिए विधानसभा का बड़ा शहर तय किया जाएगा। इस यात्रा में जहां उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे, वहीं आम जनता को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इस यात्रा के बाद विकसित भारत का सभी संकल्प लेंगे।
इतिहास जानें
सेवा ज्योति यात्रा में जहां भाजपा के कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि, आम जनता के साथ मशाल लेकर पदयात्रा करेंगे, वहीं बाइक रैली के रूप में भी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर का भ्रमण करते हुए एक स्थान पर एकत्रित होगी और वहां पर एक कार्यक्रम होगा। राजधानी रायपुर में भी इस दिन एक बड़ा कार्यक्रम करने की तैयारी है। रायपुर में चार विधानसभाएं हैं। ऐसे में यहां पर बड़ा आयोजन होगा। संभावना है कि इस आयोजन में जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहेंगे, वहीं भाजपा का कोई राष्ट्रीय नेता भी आ सकता है।