कोटपा एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, स्कूलों के आसपास से हटाए गए 25 पान ठेले, तंबाकू और गुटखा जब्त

कोटपा एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, स्कूलों के आसपास से हटाए गए 25 पान ठेले, तंबाकू और गुटखा जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे से जुड़े उत्पादों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कोटपा एक्ट के तहत बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान खमतराई, भनपुरी और गोगांव स्थित स्कूलों के आसपास तथा छोटा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पान ठेलों और गुमटियों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान भारी मात्रा में तंबाकू, सिगरेट, गुटखा पाउच और अन्य नशीले उत्पाद जब्त किए गए।

यह कार्रवाई जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। नगर निगम जोन-1 की टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाकर स्कूलों के आसपास संचालित पान ठेलों और गुमटियों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान कई ठेलों से बड़ी मात्रा में तंबाकू उत्पाद, सिगरेट और गुटखा बरामद किया गया। कोटपा एक्ट के प्रावधानों के तहत जब्त सामग्री पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान भनपुरी, खमतराई और गोगांव क्षेत्र के स्कूलों के आसपास संचालित लगभग 20 से 25 पान ठेलों और गुमटियों को हटाया गया। अधिकारियों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू और नशीले उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बच्चों और युवाओं को नशे की लत से बचाने तथा कोटपा एक्ट का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया है। प्रशासन ने व्यापारियों को भी चेतावनी दी है कि स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।