आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 3 की मौत, दो साढ़ू भाइयों ने गंवाई जान
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो साढ़ू भाई शामिल हैं। घटना के बाद कोटा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लखोदना में दो साढ़ू भाइयों की मौत
पहली घटना लखोदना गांव की है। यहां रहने वाले मन्ना यादव और नवाडीह बेलगहना निवासी कुंजराम यादव आपस में साढ़ू भाई थे। दोनों की शादी लखोदना गांव में हुई थी।
बताया गया कि बुधवार शाम दोनों खेत की ओर गए थे। इसी दौरान करीब शाम 6 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन और आसपास के लोग उन्हें उपचार के लिए कोटा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पेड़ के नीचे बारिश से बचने गए, बिजली गिरने से मौत
दूसरी घटना कोटा क्षेत्र के मानपुर गांव की है। यहां रहने वाले जागेश्वर जगत बुधवार शाम खेत की मेड़ बांधने के लिए गए थे। इसी दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए जागेश्वर खेत के पास एक पेड़ के नीचे चले गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई और जागेश्वर उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
admin



