बिलासपुर में मोबाइल चलाते पकड़े गए 2621 वाहन चालक

बिलासपुर में मोबाइल चलाते पकड़े गए 2621 वाहन चालक
बिलासपुर (चैनल इंडिया)। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ बिलासपुर यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आईटीएमएस  कैमरों की मदद से निगरानी बढ़ाते हुए अब तक 2621 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोडऩे वालों को किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी।
शहरभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विशेष रूप से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर आईटीएमएस कैमरों की निगरानी और अधिक पैनी कर दी गई है। यातायात पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक लापरवाही युवाओं में देखने को मिल रही है। कई चालक वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करते, चैटिंग करते या कान में ईयरबड और ईयरफोन लगाकर सडक़ पर चलते हैं। इससे उनका ध्यान भटकता है और गंभीर सडक़ दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 21(25) के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।