13 वर्षीय बच्ची से गैंगरेप, 4 घंटे में 7 आरोपियों तक पहुंची पुलिस

13 वर्षीय बच्ची से गैंगरेप, 4 घंटे में 7 आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार और निरुद्ध किया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 16 मई की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि नाबालिग बच्ची को जबरन उठाकर सात लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और तत्काल जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महेशपुर थाना में केस दर्ज किया गया। अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी, मानवीय और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की।

पुलिस के अनुसार, गठित एसआईटी ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया और महज चार घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान अविनाश सोरेन, बबूटा सोरेन, अंसार टुडू, बबनु हेंब्रम और कार्तिक मुर्मू को गिरफ्तार किया गया।

वहीं मामले में दो नाबालिगों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की जांच जारी है।