ATM में मदद के बहाने 40 हजार की ठगी: कार्ड बदलकर चार बार में निकाली रकम, CCTV खंगाल रही पुलिस
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में एटीएम में मदद करने के बहाने एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले एटीएम का पिन देख लिया, फिर चालाकी से कार्ड बदल दिया और कुछ ही देर में खाते से चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 40 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम परसदा (भरनी) निवासी जगदीश प्रसाद राठौर, जो केंद्रीय रेशम बोर्ड परसदा में कार्यरत हैं, रुपये निकालने के लिए सकरी बाजार चौक स्थित एसबीआई एटीएम पहुंचे थे। इसी दौरान एटीएम के अंदर मौजूद करीब 30 से 35 वर्षीय एक युवक ने उनसे बातचीत शुरू की और मदद करने के बहाने दोबारा एटीएम कार्ड मशीन में डालने तथा पिन दर्ज करने की सलाह दी।
पिन देखकर बदल दिया एटीएम कार्ड
पीड़ित ने युवक की बातों में आकर दोबारा पिन दर्ज किया। इसी दौरान आरोपी ने उनका पिन देख लिया और मौका मिलते ही उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। उस समय पीड़ित को इस बात की भनक भी नहीं लगी और वह एटीएम से बाहर निकल गया।
कुछ समय बाद जब जगदीश प्रसाद राठौर गनियारी स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम पहुंचे और कार्ड का इस्तेमाल करने का प्रयास किया, तो कार्ड काम नहीं कर रहा था। इसी बीच उनके मोबाइल पर खाते से 10 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश आया।
चार ट्रांजैक्शन में निकाले 40 हजार रुपये
पीड़ित के खाते से लगातार चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तत्काल बैंक पहुंचकर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया, ताकि आगे कोई और राशि नहीं निकाली जा सके।
इसके बाद पीड़ित ने सकरी थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज के आधार पर तलाश
शिकायत के आधार पर सकरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और संदिग्ध युवक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।
admin




