छह साल की छात्रा से अश्लील हरकत के आरोप में 52 वर्षीय शिक्षक गिरफ्तार
दादी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने दर्ज किया मामला, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में छह साल की स्कूली छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने 52 वर्षीय शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्राथमिक शाला में पदस्थ है। बच्ची की दादी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को बच्ची की दादी ने उसे स्कूल जाने के लिए कहा, लेकिन उसने जाने से मना कर दिया। जब दादी ने इसकी वजह पूछी तो बच्ची ने बताया कि 12 नवंबर को दोपहर में स्कूल के शिक्षक अजय कुमार भट्ट उसे और कक्षा के एक अन्य छात्र को दूसरे कमरे में ले गए थे। आरोप है कि वहां शिक्षक ने कुर्सी पर बैठकर अपना निजी अंग दिखाया।
बच्ची की बात सुनने के बाद दादी ने गांव के प्रमुख लोगों को इसकी जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद महिला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी शिक्षक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
शिकायत के आधार पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी अजय कुमार भट्ट (52), निवासी दूसेकेला, थाना खरसिया के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 12 के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
admin
















