छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक: कहीं 45 डिग्री की तपिश, तो कहीं बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों मौसम के दोहरे असर से जूझ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव का कहर जारी है, जबकि दक्षिणी इलाकों में मौसम बदलने और बारिश की संभावना जताई गई है। नौतपा के दूसरे दिन भी प्रदेश के कई शहरों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राहत की संभावना से इनकार किया है, हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 44.7 डिग्री, रायपुर और बिलासपुर में 44.5 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री और जगदलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक 44-45 डिग्री सेल्सियस तापमान बने रहने की संभावना है। प्रदेश में कई जगहों पर ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनी हुई है। इसके बाद मौसम में बदलाव आने के संकेत हैं। 29 मई से प्रदेशभर में मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले दो दिनों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में मौसम बदल सकता है। इन इलाकों के लिए मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में भी लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

admin 




