छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: ACB-EOW में 10 डीएसपी की पदस्थापना, भ्रष्टाचार के मामलों की जांच होगी तेज

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: ACB-EOW में 10 डीएसपी की पदस्थापना, भ्रष्टाचार के मामलों की जांच होगी तेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) में 10 पुलिस उपाधीक्षकों (DSP) की पदस्थापना की है। इन अधिकारियों को गृह विभाग से प्रतिनियुक्ति पर सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के माध्यम से नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार, सभी 10 डीएसपी अब एसीबी और ईओडब्ल्यू में पदस्थ रहकर भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराध से जुड़े मामलों की जांच का दायित्व संभालेंगे।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, इन अधिकारियों की नियुक्ति से भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की जांच प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही लंबित प्रकरणों के जल्द निपटारे में भी मदद मिलेगी।

हालांकि, जारी आदेश में अधिकारियों को उनके निर्धारित दायित्वों के अनुसार अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक बदलाव से जांच एजेंसियों की कार्यक्षमता और प्रभावशीलता में वृद्धि होगी।