सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया बाइक चोर, आरोपी के कब्जे से दो मोटरसाइकिलें बरामद
बालोद। दल्लीराजहरा में दिवाली की खरीदारी के दौरान बाइक चोरी करने वाले एक आरोपी को राजहरा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹65,000 आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खम्हारटोला निवासी आनंद राम विश्वकर्मा (51 वर्ष) 6 नवंबर 2026 को अपने परिवार के साथ दिवाली की खरीदारी करने दल्लीराजहरा के नया बाजार गए थे। शाम करीब 4:30 बजे उन्होंने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 24 N 7682) अजय कलेक्शन के सामने हैंडल लॉक कर खड़ी की थी। करीब आधे घंटे बाद लौटने पर बाइक वहां से गायब मिली। इसके बाद उन्होंने राजहरा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई। इसी आधार पर पुलिस ने वार्ड 23, दल्लीराजहरा निवासी अक्षय मालवी (30 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सबूत सामने रखने पर उसने चोरी करना कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने एक और बाइक चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से 6 नवंबर को अजय कलेक्शन के सामने से चुराई गई एचएफ डीलक्स (कीमत करीब ₹20,000) और वर्ष 2023 में देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम जेवरतला से चोरी की गई सीडी डीलक्स (कीमत करीब ₹45,000) बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर दल्लीराजहरा न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और नगर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में की गई।
admin
















