भारी बारिश के चलते धमतरी में स्कूल कॉलेज बंद
धमतरी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 25 सितंबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। आदेश के अनुसार, अवकाश के दिन स्कूलों में किसी भी तरह की शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं होंगी।
त्रैमासिक परीक्षा की नई तारीख बाद में
जिले में वर्तमान में चल रही त्रैमासिक परीक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को जानकारी दी है। परीक्षा की आगामी तिथि के संबंध में अलग से आदेश जारी किया जाएगा। विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपने विद्यालय अथवा संबंधित विभाग की ओर से जारी सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।
जलाशयों में तेजी से बढ़ा जलस्तर
लगातार बारिश के कारण धमतरी जिले के प्रमुख जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई है। 25 सितंबर की सुबह 8 बजे तक गंगरेल जलाशय 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 100 प्रतिशत, दुधावा 97.21 प्रतिशत और सोदूर जलाशय 88.18 प्रतिशत भर चुका था।
जलाशयों में लगातार बढ़ रही आवक को देखते हुए जल प्रबंधन और सुरक्षा के लिहाज से विभिन्न जलाशयों से नदियों में पानी छोड़ा जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर पानी निकासी की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है।
गंगरेल से 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
गंगरेल जलाशय में 64,117 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। जलाशय के 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें रुद्री बैराज के जरिए 6,000 क्यूसेक पानी नहर में और 48,950 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है।
मुरुमसिल्ली जलाशय में 7,465 क्यूसेक पानी की आवक के बीच 7,286 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। दुधावा जलाशय में 18,724 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है और 16,606 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
वहीं, सोदूर जलाशय में 16,624 क्यूसेक पानी पहुंच रहा है। यहां 5 गेटों से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट
जलाशयों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण महानदी सहित संबंधित नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसे में नदी किनारे बसे गांवों में जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने ग्रामीणों और आम नागरिकों से नदी और जलाशयों के आसपास विशेष सावधानी बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
admin



