छत्तीसगढ़ में बसों का सफर महंगा : साधारण बस में 5 किमी के 10 रुपए,डीलक्स और एसी बसों का किराया भी बढ़ा
राजपत्र में नई दरों की अधिसूचना प्रकाशित; दिव्यांग यात्रियों को 50 प्रतिशत तक छूट, पात्र श्रेणियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करने वालों को अब ज्यादा किराया चुकाना होगा। राज्य सरकार ने साधारण, डीलक्स और वातानुकूलित सुपर लग्जरी बसों के लिए नई किराया दरें निर्धारित की हैं। इसकी अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई है। नई दरों से रोजाना बसों में सफर करने वाले यात्रियों का खर्च बढ़ेगा।
नई दरों के अनुसार, साधारण बस में शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपए किराया देना होगा। इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 1.75 रुपए चुकाने होंगे। डीलक्स बस में पहले 5 किलोमीटर का किराया 12 रुपए तय किया गया है। इसके बाद प्रति किलोमीटर 2.20 रुपए देने होंगे।
*एसी बसों में भी बढ़ेगा सफर का खर्च*
वातानुकूलित सुपर लग्जरी बस में शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 3.30 रुपए देने होंगे। वहीं, वातानुकूलित अर्द्ध शयनयान बस में प्रति किलोमीटर 3 रुपए और शयनयान बस में 3.30 रुपए प्रति यात्री की दर तय की गई है।
*दिव्यांग यात्रियों को 50 प्रतिशत तक छूट*
सरकार ने नई किराया दरों के साथ रियायत का प्रावधान भी रखा है। निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले दिव्यांग यात्रियों को किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। वहीं, निःशुल्क यात्रा के लिए पात्र श्रेणियों के यात्रियों को 100 प्रतिशत किराया छूट देने का प्रावधान है।
नई दरें लागू होने के बाद प्रदेश में बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ सकता है।
admin



