रायपुर के नकटी गांव में बेदखली कार्रवाई का विरोध, मकान तोड़ने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने रोका,मौके पर भारी पुलिस बल

रायपुर के नकटी गांव में बेदखली कार्रवाई का विरोध, मकान तोड़ने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने रोका,मौके पर भारी पुलिस बल

रायपुर। राजधानी रायपुर के नकटी गांव में शुक्रवार को प्रशासन की बेदखली कार्रवाई के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। एक दर्जन से अधिक मकानों को तोड़ने पहुंची प्रशासनिक टीम और पुलिस का ग्रामीणों ने गांव के बाहर ही विरोध कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने संबंधित परिवारों को 48 घंटे के भीतर मकान खाली करने का नोटिस जारी किया था। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए गांव पहुंची। हालांकि, ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए टीम को आगे बढ़ने से रोक दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक कॉलोनी के निर्माण के लिए गांव को खाली किया जा रहा है। उनका कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर भूमाफियाओं और प्रभावशाली लोगों की नजर है तथा उन्हें बेघर करने की साजिश रची जा रही है।

यह पहला मौका नहीं है जब इस मुद्दे को लेकर विवाद हुआ हो। इससे पहले भी बेदखली की कार्रवाई के विरोध में ग्रामीण प्रदर्शन कर चुके हैं। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।