एक्सपायरी मिल्क पाउडर से नवजात की मौत का आरोप, मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ शिकायत; पुलिस जांच में जुटी

एक्सपायरी मिल्क पाउडर से नवजात की मौत का आरोप, मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ शिकायत; पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक्सपायरी मिल्क पाउडर का सेवन करने के बाद एक नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में परिजनों ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त मात्रा में नहीं आने पर चिकित्सकों ने बच्चों के लिए मिल्क पाउडर देने की सलाह दी। इसके बाद 30 जून को परिजनों ने मेकाहारा गेट के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर का डिब्बा खरीदा।

परिजनों का आरोप है कि खरीदे गए मिल्क पाउडर से तैयार दूध दोनों बच्चियों में से एक को पिलाया गया। 4 जुलाई को नवजात की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का दावा है कि जांच के दौरान डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर के डिब्बे पर अंकित एक्सपायरी डेट देखी और आशंका जताई कि एक्सपायरी उत्पाद के सेवन से बच्ची की तबीयत प्रभावित हो सकती है। इसके बाद परिजन संबंधित मेडिकल स्टोर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक और कर्मचारियों ने उनके हाथ से एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा लेकर उसकी जगह दूसरा डिब्बा दे दिया। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने मौदहापारा थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया गया है। मामले की जांच के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय को भी पत्र भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पक्षों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।