पेंड्रा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: नाकेबंदी के दौरान 45 पेटी अवैध शराब और स्कॉर्पियो जब्त, आरोपी चकमा देकर फरार

पेंड्रा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: नाकेबंदी के दौरान 45 पेटी अवैध शराब और स्कॉर्पियो जब्त, आरोपी चकमा देकर फरार
पेंड्रा: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले में अवैध शराब की तस्करी पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से 45 पेटी अवैध शराब जब्त की है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान चालक और तस्कर पुलिस व आबकारी टीम को चकमा देकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से स्कॉर्पियो वाहन के जरिए भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप छत्तीसगढ़ सीमा में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकेबंदी की। इस दौरान तेज रफ्तार से आ रही संदेही स्कॉर्पियो को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वाहन चालक ने भागने का प्रयास किया। आबकारी टीम द्वारा पीछा करने पर आरोपी वाहन को सुनसान जगह पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

टीम ने लावारिस हालत में मिली स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से 45 पेटियों में भरी भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शराब और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।